अहमदाबाद/बालोतरा
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य एवं व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक गणपत बांठिया ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान विभिन्न संत-आचार्यों से मुलाकात कर धार्मिक एवं सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की और प्रवासी राजस्थानियों से संवाद किया।
महाश्रमण जी से की राजनीति और धर्म पर चर्चा
अहमदाबाद के कोबा क्षेत्र में चातुर्मास कर रहे तेरापंथ धर्म संघ के आचार्य श्री महाश्रमण जी से बांठिया ने मुलाकात की और वर्तमान राजनीतिक परिवेश में जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली को लेकर आध्यात्मिक दृष्टिकोण से संवाद किया। उन्होंने आचार्य श्री के प्रवचन भी सुने।
इस दौरान उनके साथ पुष्पराज कोठारी, दिनेश गुलेच्छा, अशोक चौपड़ा, शांतिलाल लुंकड़, संजय चौपड़ा, संजय सालेचा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आचार्य कीर्तिचंद्रसूरी महाराज से ली सम्मेदशिखर संघ यात्रा की रजा
बांठिया ने आचार्य कीर्तिचंद्रसूरी महाराज के भी दर्शन किए और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही, बालोतरा से 30 अगस्त को प्रस्थान करने वाले सम्मेदशिखर संघ की रजा भी आचार्य श्री से प्राप्त की गई।
संघ में गौतम सकलेचा, अशोक चौपड़ा, गणपत बांठिया, शांतिलाल लुंकड़, भैरूलाल सालेचा, संजय जैन सहित कई कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। आचार्य श्री ने संघ को शुभकामनाएं एवं सुखद यात्रा का आशीर्वाद प्रदान किया।
शंखेश्वर में मिला सम्मान, सुने प्रवचन
इसके पश्चात बांठिया ने शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर स्थित कलापूर्ण सूरी भवन में चातुर्मास कर रहे आचार्य पूर्णचंद्र सूरी महाराज के दर्शन किए और उनके प्रवचन सुने। यहां चातुर्मास समिति द्वारा उनका विशेष बहुमान किया गया।
उन्होंने आचार्य लेखेंद्र सूरी महाराज से भी भेंट कर आध्यात्मिक चर्चा की।

अम्बाजी मंदिर में की देश की सुख-शांति की प्रार्थना
गुजरात प्रवास के समापन पर बांठिया ने विश्व प्रसिद्ध अम्बाजी मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की और देश में अमन, चैन व खुशहाली की प्रार्थना की।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.