जैसलमेर।
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) की जैसलमेर जिला इकाई की ओर से शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन पोकरण विधायक एवं तारातरा मठ के महंत प्रताप पूरी को संगठन में विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किए जाने के उपलक्ष्य में किया गया।
पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की रही बड़ी उपस्थिति
कार्यक्रम शहर की सीवी सिंह कॉलोनी स्थित होटल प्रिया में संपन्न हुआ, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में विधायक छोटूसिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, जिला संरक्षक विमल भाटिया और जिलाध्यक्ष गणपत दैया शामिल रहे।
पत्रकार समाज का आईना – गजेन्द्रसिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि “पत्रकार समाज का आईना होता है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका आज के डिजिटल युग में और भी महत्वपूर्ण हो गई है। सोशल मीडिया ने संवाद को सरल बनाया है, लेकिन विश्वसनीयता बनाए रखना पत्रकारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।”
उन्होंने आईएफडब्ल्यूजे द्वारा पत्रकारों को संगठित करने के प्रयासों की सराहना की।

पत्रकारों के हितों में सदैव रहूंगा साथ – महंत प्रताप पूरी
महंत प्रताप पूरी ने कहा कि “आईएफडब्ल्यूजे जैसे राष्ट्रीय संगठन से जुड़ना मेरे लिए गौरव की बात है। पत्रकारिता समाज को सच से जोड़ने वाला माध्यम है और मैं हमेशा पत्रकारों के हितों में उनके साथ खड़ा रहूंगा।” उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र की आत्मा बताया।
समारोह का समापन आभार और एकता के संदेश के साथ
समारोह के अंत में जिलाध्यक्ष गणपत दैया ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
जिलेभर से आए पत्रकारों ने संगठन के प्रति एकजुटता का परिचय देते हुए पत्रकार एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

