पोकरण | संवाददाता
भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर पोकरण शहर में विश्व हिंदू परिषद के बैनर तले भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे शहर में धार्मिक माहौल बना रहा।

शोभा यात्रा का शुभारंभ व्यास बगेची से हुआ, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। यात्रा में भगवान श्रीराम, हनुमान जी और वानर सेना की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
यात्रा व्यास बगेची से होते हुए भवानी पोल और गांधी चौक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इसके बाद शोभा यात्रा गांधी चौक से व्यास सर्किल होते हुए पशुराम चौक पहुंची। यहां सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शोभा यात्रा का समापन हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

शहरवासियों ने इस आयोजन को आपसी भाईचारे और धार्मिक एकता का प्रतीक बताते हुए हर वर्ष इसी प्रकार उत्साहपूर्वक आयोजन करने की बात कही।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

