Saturday, March 21, 2026
Homeजिला वार खबरेजैसलमेरजैसलमेर में पत्रकारों का महाप्रदर्शन, कलेक्टर के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों...

जैसलमेर में पत्रकारों का महाप्रदर्शन, कलेक्टर के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों पत्रकार

जैसलमेर। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर कथित प्रशासनिक हमले के विरोध में शुक्रवार को जैसलमेर में प्रदेशभर के पत्रकारों का अभूतपूर्व आक्रोश देखने को मिला। जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह नाथावत के खिलाफ सैकड़ों पत्रकार सड़कों पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करते हुए उनके तत्काल निलंबन की मांग की।

देश के सबसे पुराने पत्रकार संगठन IFWJ (इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स) के आह्वान पर आयोजित इस प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार जैसलमेर पहुंचे। हनुमान सर्किल स्थित गांधी दर्शन से शुरू हुई विशाल रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के खिलाफ कड़ा रोष जताया।

धरना स्थल पर संबोधित करते हुए IFWJ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि कलेक्टर द्वारा उनके “स्वाद रेस्टोरेंट” पर की गई कार्रवाई द्वेषपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने के लिए उनके रोजगार को निशाना बनाया जा रहा है और झूठे मुकदमों के जरिए डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।

प्रदेश महासचिव मनवीर सिंह चुंडावत ने कहा कि पत्रकार डरने वाले नहीं हैं और इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो जयपुर में मुख्यमंत्री का घेराव भी किया जाएगा।

प्रदेश सचिव एवं जोधपुर संभाग प्रभारी विक्रमसिंह करणोत ने कहा कि “स्वाद रेस्टोरेंट” वर्ष 2004 से संचालित हो रहा था और पिछले 22 वर्षों में किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने इसमें कोई गड़बड़ी नहीं बताई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लीज शर्तों का उल्लंघन था, तो नोटिस या जुर्माना लगाया जा सकता था, लेकिन सीधे सीज कर भवन तोड़ने की कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है।

धरना प्रदर्शन में विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने एक स्वर में कलेक्टर की बर्खास्तगी की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है।

धरना समाप्ति के बाद सैकड़ों पत्रकारों ने तख्तियां लेकर रैली निकाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया गया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान जैसलमेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराते हुए आंदोलन को प्रदेशव्यापी बनाने का संकेत दिया।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments