बाड़मेर जैसलमेर प्रशासन की कथित कार्यशैली के विरोध में बाड़मेर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को पत्रकारों में आक्रोश देखने को मिला। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के जिलाध्यक्ष लव जांगिड़ के नेतृत्व में पत्रकारों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में वरिष्ठ पत्रकार एवं IFWJ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ के खिलाफ की गई कार्रवाई को बदले की भावना से प्रेरित बताया गया है। पत्रकारों का आरोप है कि राठौड़ के स्वामित्व वाले ‘स्वाद रेस्टोरेंट’ पर बिना विधिक प्रक्रिया अपनाए जेसीबी चलाकर कार्रवाई की गई, जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन था और स्टे भी प्राप्त था।
पत्रकारों ने बताया कि यह रेस्टोरेंट पिछले 22 वर्षों से संचालित हो रहा था और इससे उनकी आजीविका जुड़ी हुई थी। कार्रवाई के दौरान करीब सवा करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए प्रशासन पर निर्भीक पत्रकारिता को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने जैसलमेर कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

