Tuesday, December 16, 2025
Homeजिला वार खबरेबालोतराआरयूआईडीपी ने बालोतरा में सीवरेज जागरूकता रैली निकाली, स्वच्छता का दिया संदेश

आरयूआईडीपी ने बालोतरा में सीवरेज जागरूकता रैली निकाली, स्वच्छता का दिया संदेश

बालोतरा। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की ओर से गुरुवार को नेहरू कॉलोनी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सीवरेज प्रणाली के बेहतर उपयोग और स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

विद्यार्थियों ने लगाए स्वच्छता के नारे

रैली में शामिल विद्यार्थियों ने “स्वच्छता को अपनाना है, गंदगी को भगाना है” और “हम सबका एक ही नारा, स्वच्छ रहे देश हमारा” जैसे नारे लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। रैली स्कूल से रवाना होकर नेहरू पार्क से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में पहुंची।

अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

यह रैली आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता अशोक जैन, अधिशाषी अभियंता राधाकृष्ण और कनिष्ठ अभियंता भीरम राम के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।
रैली को कैप आरयूआईडीपी के सामाजिक विकास विशेषज्ञ संतलाल सारण, संवेदक फर्म जीसीकेसी के हरलाल और विद्यालय के प्रधानाचार्य दूदाराम पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सामाजिक विकास विशेषज्ञ संतलाल सारण ने बच्चों को बताया कि व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ सामुदायिक स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने सीवरेज प्रणाली के सही उपयोग, रखरखाव और उसके लाभों की जानकारी दी तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।

सीवरेज कनेक्शन में बरतें सावधानी

आरयूआईडीपी, बालोतरा की सहायक सामुदायिक अधिकारी गायत्री गर्ग ने विद्यार्थियों को समझाया कि सीवर कनेक्शन लेते समय बाथरूम और रसोई के आउटलेट पर जालियां अवश्य लगानी चाहिए। इससे सीवर लाइन में कचरा नहीं जाएगा और अवरोध पैदा नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन बंद होने से गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

140 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती सरोज गोदारा ने बच्चों से अपील की कि वे स्वच्छता का यह संदेश अपने घर और आसपास भी फैलाएं।
इस रैली को सफल बनाने में सामाजिक विकास सहायक महेन्द्र कुमार घांची, चांदनी, लक्ष्मी चौधरी और अध्यापिका राधा निम्बार्क सहित कुल 140 विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments