बालोतरा
सिरोही जिले के माउंट आबू में पत्रकार हरिपाल सिंह पर नगर परिषद के निलंबित कर्मचारियों द्वारा किए गए प्राणघातक हमले को लेकर बालोतरा में पत्रकारों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। इसी कड़ी में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की बालोतरा जिला इकाई ने बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर गुंजन सोनी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में निलंबित कर्मचारी श्याम जणवा, प्रवीण राजपुरोहित और विक्रम चौहान को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने और उनके विरुद्ध शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। IFWJ ने इस हमले को पूर्व नियोजित प्रतिशोधात्मक कार्रवाई करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस प्रकार का हमला अत्यंत निंदनीय है और सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा के लिए Zero Tolerance Policy अपनानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह खारवाल ने बताया कि संवाददाता हरिपाल सिंह नगरपालिका के पक्ष को जानने के लिए कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन पर सरेआम हमला किया गया। घटना के पीछे उनके द्वारा पहले प्रकाशित खबरों को कारण बताया गया है, जिसमें इन कर्मचारियों की लापरवाही और संसाधनों के दुरुपयोग का खुलासा किया गया था।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भवदीप सिंह चारण, उपखंड अध्यक्ष अनिल वैष्णव सहित पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो IFWJ राजस्थान प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन और विधानसभा घेराव जैसे कदम उठाएगा। साथ ही पत्रकार सुरक्षा कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग भी दोहराई गई।
इस अवसर पर बालोतरा इकाई के सभी प्रमुख पत्रकार साथी उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश प्रजापत, बंशी चौधरी, थानाराम माली, पंडित जितेन्द्र कुमार दवे, सलीम पादरु, नसरुदीन छीपा, युवराज सिंह विक्टर सहित अनेक नाम शामिल हैं।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

