जैसलमेर
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त, जयपुर के निर्देश पर जैसलमेर जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों और पोषाहार आपूर्ति केंद्रों की गुणवत्ता जांच के लिए निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस निरीक्षण का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल के निर्देशन में किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा ने बताया कि सोमवार को राणीसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और साईं ट्रेडिंग कंपनी जैसलमेर, जो पोषाहार आपूर्ति केंद्र के रूप में कार्यरत है, का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गेहूं सादा दलिया, मीठा दलिया और मीठा मुर्मूरा सहित कुल 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए गए नमूने
इसके अलावा, जिले के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से मिर्ची पाउडर, धनिया पाउडर और घी के भी सैंपल लिए गए हैं। सभी नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जोधपुर भेजा गया है, जहाँ इनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष ज़ोर
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पोषाहार आपूर्तिकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे साफ-सफाई बनाए रखें और बच्चों को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध करवाएं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मिड डे मील, पोषाहार एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का हर महीने निरीक्षण एवं नमूनाकरण किया जाता है ताकि बच्चों को उच्च गुणवत्ता का पोषण मिल सके।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





