जैसलमेर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि दुनिया में वही पूज्य होता है, जो जनकल्याण के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव जी ने जीवनभर गरीबों एवं वंचितों की सेवा की और सभी मानवों की समानता में विश्वास रखा। यही कारण है कि उनके अनुयायी न केवल भारत बल्कि पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र से भी श्रद्धा के साथ यहां पहुंचते हैं। मुसलमान उन्हें रामसा पीर के रूप में पूजते हैं, जो समरसता और भक्ति का अद्भुत उदाहरण है।

सेवा भाव का जीवंत प्रतीक
रामदेवरा में सक्षम संस्था द्वारा आयोजित बाबा रामदेव नेत्र कुंभ 2025 को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन हमारी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ मानव सेवा और करुणा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और यह नेत्र कुंभ उसी सेवा भाव का जीवंत प्रतीक है।
राज्यपाल ने कहा कि आँखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं, जो जीवन को देखने और उसे पूर्णता से जीने की शक्ति देती हैं। भारत में 50 वर्ष से अधिक आयु के 1.99% लोग अंधेपन से पीड़ित हैं, जबकि 66.2% लोग मोतियाबिंद जैसी गंभीर नेत्र समस्याओं से ग्रसित हैं। ऐसे में यह नेत्र कुंभ जागरूकता और उपचार दोनों का सशक्त माध्यम बन रहा है।

लाखों लोगों तक पहुँची रोशनी
राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि नेत्र कुंभ केवल नेत्र जांच या चश्मे वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि यह उन जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संकल्प है, जो नेत्र चिकित्सा से वंचित हैं। एक माह से अधिक चलने वाले इस शिविर से अब तक लाखों लोग लाभान्वित हो चुके हैं, जो इसकी अभूतपूर्व सफलता को दर्शाता है।

राज्यपाल ने किया अवलोकन
राज्यपाल ने शिविर का निरीक्षण किया और मरीजों को अपने हाथों से चश्मा पहनाया। उन्होंने उपचार के लिए आए मरीजों से संवाद कर उनके अनुभव भी सुने। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर सेवा, करुणा और मानवता का अनुपम उदाहरण है।
सक्षम संस्था के प्रतिनिधियों ने उन्हें नेत्र परीक्षण, चश्मा वितरण, ऑपरेशन की प्रक्रिया और नेत्रदान अभियान की जानकारी दी। राज्यपाल ने संस्था की सेवाभावी कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पुस्तक विमोचन और गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर राज्यपाल ने रामदेवरा की निवासी सोमती देवी द्वारा लिखित उनकी एक वर्ष की कार्यकाल पुस्तक “अभ्युदय की ओर” का विमोचन किया।
कार्यक्रम में पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, सीमा सुरक्षा बल फ्रंटियर जोधपुर के आईजी एम. एल. गर्ग, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, सक्षम संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पुरोहित, प्रदेश सचिव कुलदीप मिश्रा, महासचिव खेताराम लीलड़, बाबा रामदेव वंशज गादीपति भोमसिंह तंवर सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

