रामदेवरा, जैसलमेर / लक्ष्मण राम | थार क्रॉनिकल
रामदेवरा क्षेत्र के एक छोटे से गांव से निकलकर डॉ. विजय राम जयपाल ने देश के सर्वोच्च चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली में चयनित होकर जैसलमेर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। डॉ. विजय जयपाल का चयन एम्स दिल्ली के त्वचा रोग विभाग (Dermatology) में सीनियर रेजिडेंट के पद पर हुआ है।
कठिन प्रतिस्पर्धा में ऐतिहासिक सफलता
एम्स दिल्ली का त्वचा रोग विभाग देश के सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी विभागों में गिना जाता है। इस वर्ष अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए पूरे भारत में केवल एक ही सीट उपलब्ध थी, जिस पर डॉ. विजय जयपाल ने ऑल इंडिया रैंक–1 (AIR-1) प्राप्त कर चयन सुनिश्चित किया। उल्लेखनीय उपलब्धि यह भी है कि उन्होंने सामान्य वर्ग में ऑल इंडिया छठी रैंक हासिल की है।

ग्रामीण पृष्ठभूमि से राष्ट्रीय पहचान तक
डॉ. विजय जयपाल (पुत्र श्री शैतानाराम जी एवं श्रीमती धाऊ देवी) ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामदेवरा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने
- किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ से एमबीबीएस
- अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एमडी (त्वचा रोग)
की उपाधि प्राप्त की।
वर्तमान में वे दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। सीमावर्ती जैसलमेर जिले के ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुँचने वाले वे संभवतः अपने संभाग के पहले अनुसूचित जाति के त्वचा रोग विशेषज्ञ माने जा रहे हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा
डॉ. विजय जयपाल की यह उपलब्धि इस बात का सशक्त उदाहरण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, तो परिश्रम और दृढ़ संकल्प से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर रामदेवरा सहित पूरे जैसलमेर जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों और चिकित्सक समुदाय ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

