Wednesday, February 4, 2026
Homeजिला वार खबरेजैसलमेरहजूरी समाज द्वारा श्री महिषासुर मर्दिनी मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार, 1 फरवरी...

हजूरी समाज द्वारा श्री महिषासुर मर्दिनी मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार, 1 फरवरी को निकलेगी शोभायात्रा

जैसलमेर की जवाहर कॉलोनी स्थित ऐतिहासिक श्री महिषासुर मर्दिनी माता मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर श्री हजूरी समाज द्वारा तीन दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर जीर्णोद्धार महायज्ञ, प्राण प्रतिष्ठा एवं महाप्रसादी के इस आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन के तहत 1 फरवरी को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

शोभायात्रा का भव्य आयोजन

श्री हजूरी समाज सेवा संस्थान द्वारा जीर्णोद्धार के आरंभिक कार्यक्रम के रूप में शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष कमल सिंह भाटी ने बताया कि समाज की आराध्य माता श्री महिषासुर मर्दिनी के पौराणिक मंदिर का जीर्णोद्धार समाजबंधुओं की प्रबल इच्छाशक्ति, समर्पण भाव एवं भामाशाहों के सहयोग से संपन्न हुआ है।

मूर्तियों का शुद्धिकरण एवं प्राण प्रतिष्ठा

मंदिर की प्राचीन मूर्तियों का पुनः शुद्धिकरण एवं प्रतिष्ठा तथा माता के सेवक भैरू जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा माघ सुदी पूर्णिमा को की जाएगी। इसके लिए समाज द्वारा तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

तीन दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा

  • 30 जनवरी: मंदिर शुद्धिकरण एवं मंत्रोच्चार (पूरे दिन)
  • 31 जनवरी: नवग्रह शांति पूजन एवं मूर्तियों का अनावरण, मंत्रोच्चार
  • 1 फरवरी (माघ सुदी पूर्णिमा): मंदिर जीर्णोद्धार, पूजन, प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन

शोभायात्रा का मार्ग

1 फरवरी को प्रातः 9 बजे हजूरी सेवा सदन, तालरिया पाड़ा से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो शिव मार्ग, गोपा चौक, जिंदानी चौक, गांधी चौक, हनुमान सर्किल होते हुए जवाहर कॉलोनी स्थित श्री महिषासुर मर्दिनी मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में बालिकाएं एवं मातृशक्ति कलश धारण कर चलेंगी, जबकि युवा केसरिया वस्त्र धारण कर दुपहिया वाहनों से सहभागिता करेंगे।

समाज से सहभागिता की अपील

हजूरी समाज सेवा संस्थान ने समाजबंधुओं से आह्वान किया है कि वे अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं और माता श्री महिषासुर मर्दिनी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments