रामदेवरा (जैसलमेर)। रिपोर्टर: लक्ष्मण राम
जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मैराथन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले धावक गोपाल सिंह भाटी के गांव रामदेवरा पहुंचने पर उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल देखने को मिला।
जापान के कुरियामा साप्पोरो शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मैराथन में गोल्ड मेडल जीतने वाले गोपाल सिंह भाटी के सम्मान में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामदेवरा में विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य उगम सिंह तंवर ने बताया कि गोपाल सिंह भाटी अपने विद्यार्थी जीवन से ही एक प्रतिभाशाली और अनुशासित खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी सफलता हासिल की है, जिससे विद्यालय, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।

प्रधानाचार्य तंवर ने कहा कि मैराथन जैसी कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करना आसान नहीं होता, लेकिन गोपाल सिंह भाटी ने अपने अथक अभ्यास और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल कर युवाओं के लिए एक मिसाल पेश की है।
समारोह के दौरान गोपाल सिंह भाटी ने विद्यार्थियों से अपने संघर्ष, नियमित अभ्यास और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और कभी हार न मानने का संदेश दिया। उनकी प्रेरणादायक बातों से छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह और प्रेरणा देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से गोपाल सिंह भाटी को साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रावल राम सेन ने किया। समारोह में शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और सभी ने गोपाल सिंह भाटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व और खुशी जाहिर की।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

