जैसलमेर
जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट के समाधान के लिए विधायक श्री छोटूसिंह भाटी की अध्यक्षता में 15 अगस्त को विधायक कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें जलदाय विभाग, विद्युत विभाग और भूजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक भाटी ने शहरी व ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
अधिशाषी अभियंता (नगर खंड) ने बताया कि नगर को 50 ब्लॉकों में बांटकर जलापूर्ति की जा रही है — जिसमें 26 ब्लॉकों को 48 घंटे, 8 ब्लॉकों को 72 घंटे, 8 ब्लॉकों को 96 घंटे, 9 ब्लॉकों को 120 घंटे, 4 ब्लॉकों को 144 घंटे और 4 ब्लॉकों को 168 घंटे के अंतराल पर पानी मिल रहा है। वर्तमान में 25 एमएलडी मांग के मुकाबले सिर्फ 15 एमएलडी पानी की आवक हो रही है, जिसका कारण विद्युत व्यवधान और तकनीकी दिक्कतें हैं।
उन्होंने बताया कि 253 लाख रुपये की स्वीकृति के बाद 132 केवी जीएसएस से बिजली आपूर्ति जोड़ दी गई है और मोटर, पंप, केबल आदि खरीदने के लिए 65 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिससे स्थिति में जल्द सुधार होगा।
विधायक भाटी ने गजरूपसागर, दरियानाथ की बावड़ी, इंद्रा कॉलोनी, बबर मगरा, गफूरभट्टा, दीनदयाल कॉलोनी आदि में मीठे भूजल वाले स्थानों पर तत्काल नलकूप खोदने, नगर परिषद के नलकूपों को पेयजल के लिए उपयोग में लेने, ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने नलकूपों को चालू करने और विद्युत कनेक्शन के अभाव में बंद पड़े सभी नलकूपों को तुरंत चालू करने के निर्देश दिए।
भाटी ने कहा — “जनता को सुचारु एवं समयबद्ध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल संकट की स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।”
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

