कुलदीप छंगाणी | पोकरण
भारत–पाक सीमा से सटे सरहदी जिले जैसलमेर में आयोजित होने वाले चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव 2026 का आगाज कल परमाणु नगरी पोकरण से होगा। वहीं इस भव्य महोत्सव का समापन जैसलमेर के प्रसिद्ध खुहड़ी के मखमली धोरों में किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन व पर्यटन विभाग की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
कार्यक्रम में पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
गौरतलब है कि स्वर्णनगरी जैसलमेर में प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव का आयोजन किया जाता है। पोकरण के पर्यटन व्यवसाय को नई पहचान और गति देने के उद्देश्य से पिछले कुछ वर्षों से मरु महोत्सव का आगाज पोकरण से किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी पोकरण में एक दिवसीय मरु महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक व पारंपरिक कार्यक्रम शामिल होंगे।

शोभायात्रा से होगी शुरुआत
मरु महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। सालमसागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा–अर्चना के बाद शोभायात्रा पोकरण फोर्ट से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोक कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।
प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्या
राउमावि मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां मिस्टर पोकरण, मिस पोकरण, रस्साकशी, कुश्ती, मटका दौड़ जैसी पारंपरिक व मनोरंजक प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
रात्रि में लोहारकी धोरों में प्रसिद्ध लोक कलाकार मोतीखां की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जो मरु महोत्सव 2026 को यादगार बना देंगी।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

