Wednesday, February 4, 2026
Homeजिला वार खबरेजैसलमेरमाघ मेले में एकादशी पर रामदेवरा में भव्य रात्रि जागरण, भजनों में...

माघ मेले में एकादशी पर रामदेवरा में भव्य रात्रि जागरण, भजनों में डूबे श्रद्धालु

रामदेवरा | जैसलमेर, लक्ष्मण राम | थार क्रॉनिकल

धार्मिक नगरी रामदेवरा में बाबा रामदेव का माघ मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। माघ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी के अवसर पर बाबा रामदेव की समाधि स्थल के समीप भव्य रात्रि जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा रामदेव की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई।

भजनों से गूंजा समाधि स्थल

पोकरण से पधारे प्रसिद्ध गायक कलाकार राधेश्याम आसोपा ने बाबा रामदेव के जीवन पर आधारित भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। कड़ाके की ठंड के बावजूद सैकड़ों श्रद्धालु भजन स्थल पर मौजूद रहे और पूरी रात भक्ति रस में डूबे नजर आए। सुरों की सरिता में बहते भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

अलसुबह आरती के साथ समापन

रात्रि जागरण का समापन अलसुबह करीब 5 बजे बाबा रामदेव की आरती एवं वंदना के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों के साथ कार्यक्रम को भावपूर्ण विदाई दी।

दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं

गौरतलब है कि माघ मेले के दौरान प्रतिदिन देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचकर बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर रहे हैं। समाधि समिति एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुचारू दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments