पोकरण (जैसलमेर):
ग्राम पंचायत बड़ली नाथूसर के ग्राम नाथूसर स्थित मक्की मस्जिद में बुधवार को रोजा इफ्तार दावत का आयोजन किया गया। बड़ली नाथूसर के समाजसेवी चतुर्भुज पालीवाल के पुत्र नरेश पालीवाल की ओर से आयोजित इस इफ्तार दावत में रोजा रखने वाले लोगों को रोजा खोलने के लिए आमंत्रित किया गया।
इफ्तार के दौरान मस्जिद परिसर में रोजेदारों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मस्जिद के मौलवी आजिज खां, मोहम्मद खां, हाकिम खां, यारू खां, जमाल खां, गनी खां और अब्दुल हक ने रोजेदारों के बैठने के लिए जाजम बिछाकर व्यवस्था की। निर्धारित समय शाम 7:52 बजे सभी रोजेदारों ने सामूहिक रूप से रोजा खोला।
इस अवसर पर गांव की अन्य छोटी-बड़ी मस्जिदों में भी इफ्तार के लिए भोजन की व्यवस्था भेजी गई, जहां रोजेदारों ने इफ्तार किया। इफ्तार के पश्चात मौलवियों और ग्रामीणों ने मिलकर नमाज और तरावीह अदा की तथा गांव की खुशहाली और देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि हेमाराम, नरेश पालीवाल सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। मौलवियों और गांव के बुजुर्गों ने इस पहल को नेक कार्य बताते हुए इसे सामाजिक सौहार्द्र, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक बताया तथा आपसी मेल-मिलाप बनाए रखने की अपील की।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

