Wednesday, February 4, 2026
Homeजिला वार खबरेजैसलमेरराष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मानविद्यालय,...

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मानविद्यालय, महाविद्यालय, बीएलओ व सुपरवाइजर हुए सम्मानित

जैसलमेर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान के निर्देशन में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी-2026) रविवार को जैसलमेर जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीआरडीए सभागार के सामने प्रांगण में गरिमामय रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने की।

समारोह का शुभारंभ जिला कलेक्टर द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे।

स्वीप प्रकोष्ठ समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। चयनित श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों के ईएलसी प्रभारी एवं संस्था प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इन शिक्षण संस्थानों को मिला सम्मान
सम्मानित संस्थानों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पबनासार, फतेहगढ़ को सर्वश्रेष्ठ राजकीय विद्यालय, आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलमेर को सर्वश्रेष्ठ निजी विद्यालय, मिश्री लाल सांवल राजकीय कन्या महाविद्यालय को सर्वश्रेष्ठ राजकीय महाविद्यालय तथा मां दुर्गा शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान दामोदरा को सर्वश्रेष्ठ निजी महाविद्यालय के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्र के 6 सुपरवाइजर एवं 24 बीएलओ को एसआईआर अभियान में उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नव पंजीकृत मतदाताओं को ई-ईपीआईसी कार्ड प्रदान कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का संदेश दिया गया।

मतदाता जागरूकता को मिला नया आयाम
समारोह के अंत में स्वीप प्रकोष्ठ के गोविन्द राम गर्ग ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं ईएलसी प्रभारियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन भूमि अवाप्ति अधिकारी (यूआईटी) सत्य प्रकाश खत्री (आरएएस) द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला सह सूचना अधिकारी चंद्रेश कुमार सहित स्वीप प्रकोष्ठ एवं निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। साथ ही मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान के तहत उपस्थित नागरिकों ने हस्ताक्षर कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने एवं चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments