पोकरण अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत पोकरण विधानसभा क्षेत्र के बड़ली, उजला, थाट एवं इंद्रा नगर गांवों में गांव चौपाल अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने की केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण करना रहा।

गांव चौपाल के दौरान ग्रामीणों, श्रमिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया गया। ग्रामीणों ने मनरेगा के अंतर्गत काम की उपलब्धता, मजदूरी भुगतान में देरी, जॉब कार्ड से नाम हटाने और ऑनलाइन प्रक्रियाओं से आ रही दिक्कतों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर, किसान और दलित वर्ग के जीवन की सुरक्षा की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बजट में कटौती, मजदूरी भुगतान में देरी और तकनीकी बाधाओं के जरिए इस योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर नहीं होने देगी और इसके लिए हर गांव व हर गली में संघर्ष करेगी।

अमरदीन फकीर ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है और लाखों परिवारों को पलायन से रोका है। यदि इस योजना को कमजोर किया गया तो गांव पुनः बेरोजगारी और गरीबी की गिरफ्त में चले जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें और मनरेगा के तहत मिलने वाले रोजगार व मजदूरी की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष करें।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही और सभी ने एक स्वर में नारा लगाया—
“मनरेगा बचेगा, गरीब बचेगा।”

इस अवसर पर सांकड़ा ब्लॉक अध्यक्ष राजूराम मोढरड़ी, पोकरण ब्लॉक अध्यक्ष विजय व्यास, मंडल अध्यक्ष हरजीराम, इंद्रा नगर सरपंच दीपाराम, बरकत खान (थाट), प्रहलाद राम (बड़ली), फजल दीन मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता खटन खान सहित Indian National Congress के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

