Wednesday, February 4, 2026
Homeजिला वार खबरेजैसलमेरपोकरण में सीसी रोड निर्माण अधूरा छोड़ने से जनता बेहाल, 20 दिन...

पोकरण में सीसी रोड निर्माण अधूरा छोड़ने से जनता बेहाल, 20 दिन से बदहाली का शिकार मुख्य मार्ग

पोकरण शहर से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है। नगर पालिका के वार्ड नंबर 2, 3, 4 और 5 को जोड़ने वाला माता आशापुरा मंदिर से सब्जी मंडी तक का मुख्य मार्ग पिछले 20 दिनों से अधिक समय से बदहाली का शिकार बना हुआ है। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सीसी रोड निर्माण के नाम पर सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन इसके बाद न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही समय पर जिम्मेदारी निभाई गई।

ठेकेदार की लापरवाही, सड़क खोदकर छोड़ी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार ने केवल खानापूर्ति करते हुए सड़क के किनारे स्टोन और सेंड डलवा दी और उसके बाद काम बंद कर दिया। जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ता दुर्घटनाओं को खुला न्योता दे रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है, वहीं छोटी गाड़ियों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है।

अस्पताल मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

सबसे गंभीर स्थिति उस सड़क की है जो पोकरण बाजार को जिला चिकित्सालय से जोड़ती है। इस मार्ग पर निर्माण कार्य ठप होने से मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है, जिससे आमजन में गहरा रोष व्याप्त है।

अधिकारियों की जानकारी के बावजूद कार्रवाई नहीं

स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि जब पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी पूरे मामले से अवगत हैं, तो अब तक ठेकेदार पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यह महज लापरवाही नहीं बल्कि जनता के साथ सीधा-सीधा खिलवाड़ है।

पीडब्ल्यूडी का पक्ष

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता हर्षवर्धन डाबी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा प्लांट लगाया जा रहा है और उसे स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।

वर्जन

चैन राम माली ने बताया कि इस सड़क पर कार्य शुरू हुए 20 दिन से अधिक समय हो चुका है, लेकिन ठेकेदार रोड खोदकर निर्माण सामग्री डालकर चला गया। उसके बाद से कोई भी कार्य चालू नहीं किया गया है, जिससे आमजन को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं मोहन लाल का कहना है कि पहले बारिश के कारण सड़क टूट गई थी, जिस पर सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन ठेकेदार बीच में ही सड़क खोदकर छोड़ गया। इससे रास्ते में गड्ढे हो गए हैं और मोटरसाइकिल चालकों के नीचे गिरने का लगातार खतरा बना हुआ है।

इन वर्जनों से साफ है कि अधूरा पड़ा निर्माण कार्य आमजन की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है।

जनता की मांग

पोकरण की जनता ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए, दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो तथा आमजन को इस बदहाली से जल्द राहत मिले। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर इस तरह की लापरवाही अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments