पोकरण में पत्रकारों के लिए स्थायी कार्यालय भवन की मांग को लेकर पोकरण प्रेस क्लब सक्रिय नजर आया। प्रेस क्लब के सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित को मांग पत्र सौंपते हुए कार्यालय भवन हेतु उपयुक्त भूमि आवंटित करने की मांग की।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष भवानी शंकर, उपाध्यक्ष दीपक सोनी, सचिव किशोर सोलंकी एवं कोषाध्यक्ष कपिल नागौरा के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल पालिका कार्यालय पहुंचा और पत्रकारों की आवश्यकताओं से अवगत कराया। इस दौरान पत्रकारों ने बताया कि क्षेत्र में पत्रकारिता गतिविधियों के सुचारु संचालन तथा बैठकों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विमर्श के लिए एक स्थायी कार्यालय भवन की अत्यंत आवश्यकता है।
मीडिया प्रभारी गिरिराज छंगाणी ने कहा कि पत्रकार समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। वे आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन तक पहुंचाते हैं और जनजागरूकता का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों को संगठित रूप से कार्य करने के लिए कार्यालय भवन उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
मांग पत्र में प्रेस क्लब के लिए शहर में उपयुक्त स्थान पर भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया गया, ताकि पत्रकारों को एक स्थायी मंच मिल सके और वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।
इस अवसर पर पत्रकार चंद्रशेखर दवे, कुलदीप छंगाणी, सुरेंद्र केवलिया एवं गोपाल सिंह सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

