पोकरण।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में पोकरण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिक्षक लक्ष्मण राम विश्नोई पर छात्रा को पुस्तकालय में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप था। घटना सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने एक हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

SHO भारत रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक लक्ष्मण राम विश्नोई को धोलिया गांव से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार एवं वृत्ताधिकारी भवानी सिंह के सुपरविजन में संपन्न हुई।

बताया जा रहा है कि यह मामला शहर के राजकीय बिलिया विद्यालय से जुड़ा हुआ है, जहां आरोपी शिक्षक के विरुद्ध छात्रा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था, लेकिन अंततः पुलिस की सतर्कता और सतत प्रयासों के चलते उसे दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सख्त रवैये की सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

