रामदेवरा (जैसलमेर), संवाददाता।
भादवा सुदी बीज पर लगने वाले 641वें बाबा रामदेवरा मेले का विधिवत शुभारंभ सोमवार को मंगला आरती के साथ हुआ। जैसे ही मंदिर का मुख्य द्वार खुला, “बाबा के जयकारे” की गूंज से पूरा निज मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने की पूजा-अर्चना
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसा राम सैनी ने बाबा रामदेव की समाधि पर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ अभिषेक
पुजारी पं. कमल किशोर छंगाणी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दूध, दही, शहद, इत्र एवं पंचामृत से बाबा का अभिषेक करवाया।

अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मेले की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी पोकरण लाखा राम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण सैन, विकास अधिकारी हनुमान राम, सहायक निदेशक प्रवीण प्रकाश चौहान सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंदिर समिति एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर बाबा वंशज गादीपति भोमसिंह तंवर, सांकड़ा पंचायत समिति के प्रधान भगवत सिंह तंवर, रामदेवरा सरपंच समुन्द्रसिंह तंवर सहित मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

