प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल प्रथम) की प्रदेश कार्यकारिणी गठित

विजय सुथार प्रदेशाध्यक्ष, श्याम जांगू बने सचिव और इन्द्रजीत चौधरी कोषाध्यक्ष

prathmik-adhyapak-sangh-rajasthan-executive-committee

पोकरण (जैसलमेर),
राजस्थान के शिक्षा विभाग में कार्यरत लेवल प्रथम के शिक्षकों ने अब अपने हितों और अधिकारों के लिए अलग संगठन का गठन कर लिया है। इस संगठन को “प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल प्रथम)” नाम दिया गया है। संघ का प्रदेश कार्यालय पोकरण, जिला जैसलमेर में स्थापित किया गया है।

सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का मनोनयन

नवनिर्मित संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। 24 अगस्त 2025 से प्रभावी कार्यकारिणी में विभिन्न जिलों से जुड़े शिक्षकों को महत्वपूर्ण पदों पर मनोनीत किया गया।
प्रदेशाध्यक्ष के रूप में विजय सुथार (जैसलमेर) को जिम्मेदारी दी गई। सभाध्यक्ष पद पर खेमराज मीणा (दौसा) और प्रदेश सचिव पद पर श्याम जांगू (फलौदी) चुने गए। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी कोटा के इन्द्रजीत चौधरी को सौंपी गई।

इसके अलावा संरक्षक पद पर ओमप्रकाश सोनी (जैसलमेर), उपाध्यक्ष पद पर बलवीर सिंह मीना (चितौड़गढ़) एवं एम.ए. बागवान (अजमेर), सह-सचिव पद पर जितेन्द्र कुमार (डीग), मीडिया प्रभारी पद पर जेडी थोरी (श्रीगंगानगर), संगठन मंत्री पद पर राजमहर (करौली), समन्वयक पद पर राजेंद्र प्रसाद सुनारीवाल (अजमेर) और महिला समन्वयक के रूप में लक्ष्मी बिश्नोई (जोधपुर) को मनोनीत किया गया।
प्रचार प्रसार मंत्री की जिम्मेदारी नागौर के महेंद्र चौधरी को दी गई। साथ ही कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जगदीश सौढ, कोमल जाखड़, चंद्रकांता और कल्पना व्यास को भी शामिल किया गया।

पदोन्नति को रखा प्रमुख मुद्दा

संघ की पहली बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा पदोन्नति को लेकर उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा विभाग के अन्य संवर्गों में नियमित पदोन्नति होती है, लेकिन अध्यापक लेवल प्रथम इस व्यवस्था से वंचित हैं। नियुक्ति से लेकर सेवानिवृत्ति तक एक ही पद पर बने रहने की मजबूरी है। संघ ने इस मुद्दे को राज्य सरकार तक पहुँचाने और शिक्षकों को उचित हक दिलाने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण और संकल्प

नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों ने ईश्वर को साक्षी मानकर शपथ ली और यह प्रण किया कि वे तन, मन और धन से संगठन को मजबूत करेंगे तथा लेवल प्रथम अध्यापकों के हितों की रक्षा में सदैव तत्पर रहेंगे।

प्रदेशाध्यक्ष का वक्तव्य

प्रदेशाध्यक्ष विजय सुथार ने कहा कि संगठन में सम्पूर्ण राजस्थान से ऊर्जावान और समर्पित टीम को जोड़ा गया है। यह टीम शिक्षकों के अधिकारों और मांगों को लेकर लगातार सक्रिय रहेगी। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य लेवल प्रथम शिक्षकों की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुँचाना है।

शुभकामनाएं और भविष्य की योजनाएं

कार्यकारिणी गठन के अवसर पर पदाधिकारियों को बधाई संदेश प्रेषित किए गए। संघ ने कहा कि आने वाले समय में संगठन राज्यभर के शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को चिन्हित करेगा और चरणबद्ध तरीके से समाधान के लिए प्रयास करेगा।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Google search engine

Leave a Reply