पोकरण क्षेत्र के ग्राम सांकड़ा में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट पोकरण की ओर से महिलाओं के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला कांस्टेबल जंभेश्वरी और संतोष ने राजीविका के लखपति दीदी समूह की महिलाओं के साथ संवाद कर उन्हें सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
बैठक के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को राजस्थान पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं को राजकोप सिटिजन ऐप के उपयोग के बारे में समझाते हुए बताया कि इस ऐप के माध्यम से कोई भी नागरिक आसानी से पुलिस से संपर्क कर सकता है और अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।
इस अवसर पर महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 सहित अन्य टोल फ्री नंबर शामिल हैं। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को इन नंबरों का सही समय पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कानून संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया गया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

