डीडवाना, राजस्थान / जयप्रकाश शर्मा
डीडवाना के नमक झील किनारे स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री पाढ़ाय माता मंदिर में आगामी 31 मार्च को माता रानी का प्राकट्योत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर रविवार को मंदिर परिसर में पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान समस्त पुजारी परिवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
‘पाढ़ाय माता कुल देवी परिवार’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य भजन संध्या होगी। इसमें देश की प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी ओजस्वी शैली और लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगी, वहीं अपनी सुरीली आवाज के लिए पहचानी जाने वाली आकृति मिश्रा भी श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि आयोजन की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। कार्यक्रम के तहत 31 मार्च को सायं 5 से 8 बजे तक विशाल भंडारा, वहीं रात्रि 7:15 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके बाद 1 अप्रैल को सायं 4 बजे मेला श्रृंगार आरती के साथ उत्सव का समापन किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार प्राकट्योत्सव के दौरान नमक झील के किनारे विशाल मेले का स्वरूप देखने को मिलेगा। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि वे सुगमता से माता के दर्शन कर सकें और महाप्रसाद ग्रहण कर सकें। पोस्टर विमोचन के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ आयोजन की सफलता की कामना की।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

