राजस्थान के जैसलमेर जिले के पूनमनगर में सोमवार को एक सरकारी स्कूल में दर्दनाक हादसा हो गया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पूनमनगर के प्रवेशद्वार का पिलर गिर गया, जिससे 9 वर्षीय छात्र अरबाज़ खान, जो कक्षा प्रथम का विद्यार्थी था, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्र सुबह स्कूल के अंदर प्रवेश कर रहा था।
शिक्षक घायल, दोनों पैर टूटे
हादसे में एक शिक्षक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें तत्काल इलाज के लिए राजकीय जवाहर अस्पताल रैफर किया गया।

परिजनों का धरना, ग्रामीणों में आक्रोश
दर्दनाक हादसे के बाद छात्र अरबाज़ खान के परिजन शव को लेकर स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
तीन साल से था जर्जर, नहीं हुई मरम्मत
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल का यह गेट तीन साल पहले एक टक्कर में क्षतिग्रस्त हुआ था। उसके बाद से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई थी। जर्जर स्थिति में होने के बावजूद प्रशासन ने इसे नजरअंदाज किया, जो इस दर्दनाक हादसे की मुख्य वजह बना।

प्रशासन मौके पर पहुंचा
हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





