जैसलमेर। जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित 100 दिवसीय कार्यक्रम का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीबी जांच और स्वास्थ्य सूचकांकों पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी जांच के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बलगम नमूने और एक्स-रे जांच सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक मरीज का निक्षय आईडी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी गंभीरता से अपने दायित्व निभाते हुए स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए ठोस प्रयास करें।
बीसीएमओ को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
बैठक में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (BCMO) को अपने क्षेत्र में विभागीय गतिविधियों और कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सेक्टर बैठकों में उपस्थित होकर आशा और एएनएम के साथ स्वास्थ्य सूचकांकों की समीक्षा कर प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
कलेक्टर ने एएनसी पंजीकरण, नियमित टीकाकरण और संस्थागत प्रसव में कम प्रगति वाले चिकित्सा संस्थानों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, घरेलू प्रसव पर निगरानी रखने और क्यूआर कोड के माध्यम से मरीजों को पर्ची जारी करने के निर्देश भी दिए।
सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन जरूरी
बैठक में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, निशुल्क दवा एवं जांच योजना, एनीमिया मुक्त राजस्थान, जननी सुरक्षा योजना और लाडो प्रोत्साहन योजना सहित सभी योजनाओं के प्रभावी संचालन और मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान 7 दिनों में सुनिश्चित कर लंबित मामलों को शून्य किया जाए।
गर्भवती महिलाओं और एनीमिया पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा एनीमिया की रोकथाम के लिए समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकरण और एफसीएम इंजेक्शन के माध्यम से उपचार पर भी जोर दिया।
बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल, पीएमओ जैसलमेर डॉ. रविंद्र सांखला, पीएमओ पोकरण डॉ. अनिल गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, बीसीएमओ, चिकित्सा अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

