पादूकलां (नागौर)
पादूकलां कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में बुधवार को गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच गजानंद महाराज की प्रतिमा का शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत स्थापना की गई।
गणेश चौक में आचार्य पंडित रामअवतार सारस्वत और कैलापुरी के पूजारी ने वैदिक पूजा-पाठ के साथ भगवान गणेश को रिद्धि-सिद्धि सहित विराजमान करवाया। प्रतिमा स्थापना के बाद महाआरती हुई और मोदक का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया।

11 दिन तक चलेगा आयोजन
गणेश प्रतिमा 11 दिनों तक विराजमान रहेगी। इस दौरान प्रतिदिन अलग-अलग अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। गणेश महोत्सव समिति के अध्यक्ष अर्जुन गोदारा, सरपंच प्रतिनिधि शिवजीराम फडौदा, उप सरपंच हरीश सोनी, अमरचंद सोनी सहित कई गणमान्य लोगों ने पूजा-अर्चना कर गांव और देश की खुशहाली की कामना की।
ग्रामीणों की उमड़ी श्रद्धा
पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं और ग्रामीणों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना में भाग लिया। भक्ति भाव से गूंजते जयकारों के बीच वातावरण दिव्य हो गया।

आसपास की पंचायतों में भी गणेश स्थापना
केवल पादूकलां ही नहीं, बल्कि आसपास की ग्राम पंचायतों—सथाना कलां, कोड, मेवड़ा, लांपोलाई, अरनियाला, बिखरनिया कलां, बग्गड़, नथावड़ा और पालड़ी कलां—में भी बुधवार को शुभ मुहूर्त में गणेश प्रतिमा स्थापना की गई।
ग्राम पंचायतों के सरपंचों—रामप्यारी देवी फडौदा, रजिया बानो, दौलतराम रावल, कैला देवी, केसर देवी लटियाल, शांति देवी डिडेल, राजूदेवी लोमरोड, सुरज्या देवी पंवार, रामदेव लामरोड और सीता देवी सोनी—ने भी अपने-अपने गांवों में पूजा-अर्चना की और खुशहाली की कामना की।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

