डोडियाना रिपोर्टर: दीपक सोनी
डोडियाना। क्षेत्र में व्यापक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकार मित्र (पैरा लीगल वॉलेंटियर) जुगल सिंह सोलंकी ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।
बढ़ रहे हैं साइबर अपराध, सावधानी जरूरी
शिविर को संबोधित करते हुए जुगल सिंह सोलंकी ने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, यूपीआई फ्रॉड, गेमिंग ऐप के माध्यम से ठगी और फर्जी लिंक भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। कई लोग अनजाने में अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा कर आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।
ओटीपी और बैंक जानकारी साझा न करने की अपील
उन्होंने छात्राओं को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करना जरूरी है।
साइबर अपराध होने पर तुरंत करें शिकायत
सोलंकी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि को रोका जा सके।
डिजिटल सुरक्षा के उपायों पर दिया जोर
शिविर में मजबूत पासवर्ड का उपयोग, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाना, संदिग्ध लिंक से दूरी रखना और अज्ञात ऐप डाउनलोड न करने जैसे महत्वपूर्ण उपायों पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान छात्राओं ने भी प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक प्रदीप शर्मा, श्रीमती किरण बारहट, अंजू चौधरी, प्रेमलता आत्रैय, शोभा देवी, अनुराधा, संतोष चौधरी, पलक लटियाल सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

