मकराना संवाददाता: अब्दुल सलाम
मकराना। माली (सैनी) समाज का 27वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 19 फरवरी, गुरुवार को मकराना में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है।
भव्य तैयारियां, विशाल पंडाल और पार्किंग व्यवस्था
प्रवक्ता नोरतमल सिंगोदिया ने बताया कि समाज द्वारा हर वर्ष सामूहिक विवाह सम्मेलन अलग-अलग गांवों में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष मकराना में होने वाले सम्मेलन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजन स्थल पर लगभग 6 बीघा भूमि पर विशाल पंडाल लगाया गया है, जबकि 5 बीघा भूमि पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है ताकि बाहर से आने वाले मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

35 जोड़ों का सामूहिक विवाह, 15 टीमें संभालेंगी व्यवस्थाएं
सम्मेलन में इस बार 35 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए 15 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो भोजन, पार्किंग, चिकित्सा, स्वागत, मंच संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी। करीब 500 कार्यकर्ता विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में लगभग 8 से 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि समिति द्वारा 15 हजार लोगों के हिसाब से व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी नवविवाहित जोड़ों को समिति की ओर से उपहार भी भेंट किए जाएंगे।
भोजन व्यवस्था में 50 से अधिक हलवाई जुटे
भोजन व्यवस्था के लिए 50 से अधिक हलवाइयों की टीम लगाई गई है, जो अतिथियों के लिए पारंपरिक एवं विशेष व्यंजनों की तैयारी में जुटी हुई है। समाज के इस सामूहिक विवाह सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के लोग पूरी तरह सक्रिय हैं।
मुख्य अतिथि रहेंगे कई गणमान्य व्यक्ति
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, जिला कलेक्टर महेंद्र सिंह खडगावत एवं भंवरलाल बाबूलाल गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। डेगाना तहसील अध्यक्ष ताराचंद गहलोत एवं गुलाबचंद मारोठिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

