सूरतगढ़ स्वर्गीय श्री गुरु चरण छाबड़ा राजकीय महाविद्यालय, सूरतगढ़ में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में एकता दौड़ एवं एकता मार्च का आयोजन हुआ, जिसमें NSS, NCC और रोवर-रेंजर इकाई के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
नशा मुक्ति शपथ के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में नशा मुक्ति शपथ से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

प्राचार्य डॉ. महबूब खान मुगल ने दिया प्रेरणादायक संदेश
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. महबूब खान मुगल ने कार्यक्रम का उदघाटन किया तथा एकता मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि—
“युवा शक्ति राष्ट्र की एकता और अखंडता की सबसे बड़ी ताकत है। हमें एकजुट रहकर देश निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।”
उनके उद्बोधन ने छात्रों में देशभक्ति, ऊर्जा और राष्ट्रीय चेतना का संचार किया।
मार्च के दौरान विद्यार्थियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
अतिथियों व प्रभारियों की रही सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर सहायक आचार्य मनीष गोदारा, विनोद गोदारा, पीतांबर मंगानी, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी लक्ष्मी देवी नंदा, रोवर इकाई प्रभारी डॉ. सुनील पूनिया, एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट राजन सिंह, रेंजर इकाई प्रभारी चंद्रकला, NSS छात्र इकाई प्रभारी लक्ष्मी नारायण पारीक, छात्रा इकाई प्रभारी सरस्वती देवी, पारुल भाटेजा एवं डॉ. अर्चना तंवर उपस्थित रहे।
सहायक आचार्य मनीष गोदारा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारत के एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला और युवाओं से देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।
आगामी सप्ताह में प्रतियोगिताओं का आयोजन
कार्यक्रम के अंत में NSS इकाई प्रभारी लक्ष्मी नारायण पारीक ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आगामी सप्ताह के दौरान भाषण, निबंध लेखन एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

