📍 बालोतरा,
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADC) डॉ. गुंजन सोनी ने रविवार को बायतु स्थित उप जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
डॉ. सोनी ने वार्ड, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी और दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां भर्ती मरीजों से सीधा संवाद किया और उनके अनुभव जाने। मरीजों ने अस्पताल में दी जा रही चिकित्सा सेवाओं पर संतोष जताया।

स्वच्छता और स्टाफ उपस्थिति पर दिया विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान डॉ. सोनी ने अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि स्वच्छता के उच्च मानकों को हर हाल में बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा माहौल न केवल मरीजों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि अस्पताल की छवि का भी प्रतीक होता है।
उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति और कार्यशैली की भी जांच की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें और मरीजों के साथ संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए आवश्यक निर्देश
अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. सोनी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की कमी का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

