बालोतरा।
राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विषदमन” के तहत बालोतरा जिले के मंडली थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस टीम ने 166.700 किलो अवैध डोडा पोस्त, ₹13,200 नकद, डोडा पीसने की मशीन और दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे बरामद किए हैं।
किराना की आड़ में चल रहा था मादक पदार्थों का धंधा
मुख्य आरोपी मोहनराम पुत्र धनराज जाति जाट, निवासी बायल जाटी, पुलिस थाना मंडली को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी किराने की दुकान की आड़ में डोडा पोस्त पीसकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचा करता था। दुकान के पीछे बने गोदाम में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया था।
ऐसे हुआ खुलासा
दिनांक 03 अगस्त 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद चौधरी के निर्देशन में मंडली थानाधिकारी महेश गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर उक्त कार्रवाई की। तलाशी के दौरान दुकान के गोदाम से 5 कट्टों और एक ड्रम में कुल 166.700 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। साथ ही नकदी व इलेक्ट्रॉनिक कांटे जब्त किए गए।
ऐसे करता था वितरण
मोहनराम अपने डोडा पोस्त को मशीन से पीसकर, 50-50 ग्राम की छोटी-छोटी पॉलिथीन में भरता था और इन पैकेट्स को रोजमर्रा की किराने की वस्तुओं के साथ छिपाकर बेचता था। यह सारा सामान दुकान में ग्राहकों को सामान्य रूप से दिया जाता था, जिससे किसी को शक न हो।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में मंडली थाना के महेश गोयल, हेड कांस्टेबल खेरसिंह, सियाराम, रोहिताश, बुलाकीराम, दुर्गाराम, घनश्याम, गंगाराम, प्रेमलता व पूरनचंद जैसे पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

