जैसलमेर। सीमांत जिले जैसलमेर के मुख्यालय स्थित अमर शहीद सागरमल गोपा कॉलोनी में कॉलोनीवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता श्याम सुंदर मीणा ने की तथा संचालन तैय्यब खान ने किया। कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व सुरक्षा व्यवस्था जैसे मूलभूत विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित नागरिकों ने कॉलोनी को सुव्यवस्थित एवं आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान सर्वसम्मति से “अमर शहीद सागरमल गोपा कॉलोनी सेवा समिति” का गठन किया गया। समिति को विधिवत पंजीकृत कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, ताकि विकास कार्यों को कानूनी मान्यता और पारदर्शिता मिल सके।

संरक्षक श्याम सुंदर मीणा की उपस्थिति में समिति के पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन किया गया। आशाराम तंवर को अध्यक्ष, लालसिंह सोढ़ा को उपाध्यक्ष, मूलाराम को सचिव, पीराराम को कोषाध्यक्ष तथा श्रीमती सीता देवी को महिला प्रतिनिधि चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशाराम तंवर ने कहा कि कॉलोनी के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और सभी निवासियों के सहयोग से पारदर्शी तरीके से कार्य किए जाएंगे।
बैठक में चंदन सिंह, टीकमा राम, सवाईराम ईणखिया, द्वारका राम, धर्मेंद्र कुमार, रमेश सिंह, सवाई गोयल, प्रेम कुमार, दीपाराम, अशोक कुमार, दिवेश कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक का समापन सामूहिक सहमति और विकास के नए संकल्प के साथ हुआ।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

