सूरतगढ़। सूरतगढ़ थर्मल की आवासीय कॉलोनी में पिछले तीन वर्षों में हुई तीन दर्जन से अधिक चोरियों और 7 फरवरी को आर-2/45 आवास में हुई ताजा चोरी की घटना के विरोध में इंटक संगठन का अनिश्चितकालीन धरना 12वें दिन भी जारी रहा। धरना कॉलोनी के मुख्यद्वार पर दिया जा रहा है, जहां कर्मचारियों और अधिकारियों में भारी रोष देखने को मिला।
धरने के 12वें दिन नेतृत्व सुधीर मांकड़, बलिराम मेघवाल और बुधराम पवार ने किया। राजस्थान विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन इंटक के प्रदेश महामंत्री श्याम सुंदर ने कहा कि होली के बाद कॉलोनी में रह रहे अधिकारी और कर्मचारी पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चोरों को पकड़ने के मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।
श्याम सुंदर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी थर्मल प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।
इंटक नेता रोहिताश कड़ेला ने कहा कि थर्मल प्रशासन और पुलिस की नाकामी के कारण कॉलोनी में लगातार चोरियां हो रही हैं, लेकिन आज तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। हर बार केवल आश्वासन दिए जाते हैं, ठोस कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने पर कालूराम, दिनेश चावला, अनिल शर्मा, बुधराम पंवार, टी.पी. सिंह, अनिल बड़जात्या, सुखजिंदर सिंह बराड़, भूपेश प्रधान, निर्मल सिंह, रामकुमार, धन सिंह, हनुमान सिंह, भीमसेन सहारण सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
मामले को लेकर कॉलोनीवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है और वे शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

