पोकरण, जैसलमेर
सीमाजन कल्याण समिति द्वारा संचालित सीमाजन छात्रावास पोकरण का दसवां वार्षिक उत्सव “नवचेतना” रविवार, 15 फरवरी 2026 को छात्रावास परिसर में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास के विद्यार्थियों ने घोष वादन, पिरामिड प्रदर्शन, सामूहिक गीत, एकल गीत, भजन और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में एसडीएम पोकरण हीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार, बीएसएफ सीओ राजेंद्र सिंह तथा मुख्य वक्ता के रूप में सीमाजन के प्रदेश संगठन मंत्री स्वरूप दान उपस्थित रहे। मंच संचालन छात्रावास समिति के सदस्य अशोक सेन और चंद्रकांता ने किया।

राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी पर दिया संदेश
मुख्य वक्ता स्वरूप दान ने अपने संबोधन में कहा कि देश की रक्षा में सेनाएं अपनी भूमिका निभा रही हैं, लेकिन नागरिकों को भी राष्ट्रहित, राष्ट्रभक्ति और विकास के प्रति जागरूक रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया।

भामाशाहों और प्रतिभाशाली छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम में छात्रावास के सहयोगी भामाशाहों का सम्मान किया गया, जिनमें पीके प्रधान ऑफ शोर कंपनी पोकरण के जनरल मैनेजर नारायण दान, कान सिंह, गोपाल दान, इंद्रजीत सिंह, कुंप सिंह और ओम सोनी शामिल रहे। साथ ही छात्रावास के होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
जिला बैठक का भी हुआ आयोजन
उत्सव के साथ ही सीमाजन कल्याण समिति की जिला बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश संगठन मंत्री स्वरूप दान के सानिध्य में विभिन्न तहसीलों से आए अध्यक्षों और मंत्रियों ने संगठन के पिछले कार्यों की समीक्षा की और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति के उपाध्यक्ष नारायण सिंह ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

