पादूकलां
पादूकलां। कस्बे के जाखड़ों की ढाणी से बेड़ासखुर्द व किसानों को खेतों तक जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की समस्या से जूझ रहा है। रास्ते में पानी जमा होने से आमजन व किसान दोनों को खेतों और अपने घरों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग उनकी रोजमर्रा की आवाजाही का मुख्य साधन है, लेकिन पानी और कीचड़ की वजह से पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन भी निकालना मुश्किल हो गया है। कई बार वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को इस मार्ग से गुजरने में दोगुनी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही पानी निकासी और मार्ग की मरम्मत कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आमजन और किसानों को राहत मिल सके।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

