Tuesday, March 17, 2026
Homeजिला वार खबरेनागौरपादूकलां में शबे-कद्र की रात: रोशनी से जगमगाई मस्जिदें, इबादत में डूबा...

पादूकलां में शबे-कद्र की रात: रोशनी से जगमगाई मस्जिदें, इबादत में डूबा रहा कस्बा

पादूकलां (नागौर),
रियांबड़ी उपखंड के पादूकलां कस्बे में रमजान के पवित्र 26वें रोजे की रात शबे-कद्र के अवसर पर धार्मिक आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। कस्बे की प्रमुख मस्जिदें—सदर बाजार स्थित मदीना मस्जिद, अजमेर रोड की नूरानी मस्जिद और कादरी मस्जिद—रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठीं।

शबे-कद्र की इस खास रात में मुस्लिम समाज के लोग पूरी रात इबादत में लीन रहे। मस्जिदों में नमाज, तरावीह और कुरान-ए-पाक की तिलावत का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। बड़ी संख्या में रोजेदारों ने मस्जिदों में पहुंचकर अल्लाह की इबादत की।

मदीना मस्जिद के मौलाना हाजी साबिर हुसैन, मौलाना मकसूद आलम, मौलाना नबी हसन और अल्ताफ हुसैन ने बताया कि रमजान का महीना इबादत, सब्र और नेकी का पैगाम देता है। इस दौरान रोजेदार सहरी से इफ्तार तक रोजा रखते हुए पांच वक्त की नमाज अदा करते हैं और अल्लाह की रहमत हासिल करने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने बताया कि रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना है, जिसमें कुरान शरीफ नाजिल हुआ था। इस कारण पूरे महीने में इबादत के साथ-साथ गरीबों की मदद और इंसानियत की सेवा पर विशेष जोर दिया जाता है।

रमजान के चलते कस्बे में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है। सदर बाजार और व्यापारी मोहल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों में मस्जिदों व घरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।

इस अवसर पर सैकड़ों रोजेदारों ने एक साथ रोजा खोलकर देश की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं, जिससे पूरे कस्बे में एकता और सौहार्द का संदेश प्रसारित हुआ।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments