रियांबड़ी/नागौर
पादूकलां थाना क्षेत्र के बड़ायली गांव में लूणी नदी में डूबे बुजुर्ग का शव SDRF टीम ने शनिवार को बरामद कर लिया। 65 वर्षीय भभूताराम प्रजापत 10 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे घर से निकले थे और पूरे दिन उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने रिश्तेदारों और गांवों में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। नदी में बह जाने की आशंका पर परिवार ने रिया पुलिस चौकी और पादूकलां थाने में सूचना दी।
सूचना पर नागौर पुलिस लाइन से SDRF टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने बोट और बांस के सहारे लाइन सर्च करते हुए बदायली से करीब 2-3 किलोमीटर दूर लाडवा रपट के पास शव को बरामद किया।
अभियान टीम प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में सहायक प्रभारी मुकेश कुमार डिडेल, रामरतन चौधरी, चोलाराम, सुरजाराम, भरत मुण्डेल, अशोक भंवरिया, रवि पिंडयार और सुशील पंवार शामिल रहे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
SDRF टीम ने मानसून के दौरान नागौर जिले में कई सफल रेस्क्यू ऑपरेशंस किए हैं। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई की सराहना की। टीम प्रभारी राजेश कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नदियों-नालों से दूरी बनाए रखें, बहते रपटों को पार न करें और बच्चों को कुओं व जलाशयों से दूर रखें।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

