पादूकलां, नागौर
पादूकलां कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन दिवस श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। विद्यालयों के साथ-साथ घरों में भी यह पर्व धूमधाम से आयोजित हुआ। परिवारों में माता-पिता एवं वरिष्ठजनों का माल्यार्पण और साफा पहनाकर स्वागत किया गया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया गया।
विद्यार्थियों ने व्यक्त की कृतज्ञता
विद्यार्थियों और युवाओं ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से अपने माता-पिता की पूजा-अर्चना कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कई घरों में पारिवारिक मिलन कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदान जागरूकता
निर्वाचन विभाग की प्रेरणा से जिलेभर के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में भी मातृ-पितृ पूजन दिवस के आयोजन की तैयारी की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पारिवारिक संस्कारों के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत ‘पाती मां-पिता के नाम’ अभियान भी संचालित किया जाएगा, जिसके तहत भावी मतदाता अपने माता-पिता को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ को मतदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए शपथ भी दिलाई जाएगी।
प्रथम गुरु के रूप में माता-पिता का सम्मान
इस अवसर पर विद्यार्थी वासुदेव सिंह राजपुरोहित ने विधि-विधान से मातृ-पितृ पूजन कर अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और निरंतर शिक्षा के मार्ग पर अग्रसर रहने का संकल्प दोहराया। आयोजकों ने इसे पारिवारिक मूल्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के समन्वय का सशक्त प्रयास बताया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

