फ़िरोज़ ख़ान
किशनगंज/बारां। सहरिया जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और सशक्त बनाने के उद्देश्य से संकल्प सोसाइटी मामोनी द्वारा एसबीआई सिक्योरिटीज के सहयोग से रविवार को किशनगंज ब्लॉक के रणवासी गांव में माँ बाड़ी डे केयर केंद्र पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 79 मरीजों का उपचार कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
संकल्प सोसाइटी के चेयरमैन नंदकिशोर शर्मा एवं सचिव महेश बिंदल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य सहरिया जनजाति समुदाय के लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस समुदाय के लोग आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण सामान्य स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में संकल्प सोसाइटी द्वारा लगाए जा रहे ये शिविर उनके लिए जीवन रक्षक साबित हो रहे हैं।
शिविर में डॉ. राहुल मेहता ने मरीजों का उपचार किया, जबकि स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश राठौर द्वारा निःशुल्क दवा वितरण किया गया। शिविर में चिकित्सा स्टाफ द्वारा मरीजों की बीपी, शुगर, वजन और सामान्य जांच की गई।
कार्यक्रम में रामनिवास सहरिया और कन्हैयालाल चंदेल तथा महिला कार्यकर्ता चंद्रो बाई ने मरीजों के रजिस्ट्रेशन में सहयोग किया।

डॉ राहुल मेहता ने बताया कि “संकल्प सोसाइटी द्वारा सहरिया जनजाति समुदाय के लिए रणवासी गांव में दूसरा शिविर लगाया गया।जिससे दूरदराज़ इलाकों के लोग अब अपने गांव में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज प्राप्त कर रहे हैं। यह पहल जनजातीय स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
शिविर में आने वाले अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग (दाद-खुजली) एवं कमज़ोरी जैसी बीमारियों से पीड़ित थे। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार, समय पर दवा सेवन और नियमित जांच की सलाह दी।
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मुफ्त ब्रांडेड दवाइयों से राहत मिली।संकल्प सोसाइटी की टीम ने समुदाय में स्वास्थ्य शिक्षा का प्रचार प्रसार किया।शिविर के दौरान संकल्प टीम ने ग्रामीणों को बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों का समय पर पता लगाकर गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है। संकल्प सोसाइटी की यह पहल सहरिया समुदाय के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।शिविर में माँ बाड़ी डे केयर केंद्र के स्टाफ द्वारा भी पूरा सहयोग किया गया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

