सूरतगढ़ | संवाददाता
गोपालसर–अर्जुनसर सड़क मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे सेना की जिप्सी की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसा गोपालसर आगे की पॉइंट के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार रघुनाथपुरा के चक 4 आरएम निवासी मदनलाल (22) पुत्र हंसराज देहडूं अपने भाई-बहन की 21 फरवरी को होने वाली शादी के कार्ड बांटने के लिए गांव खिलेरिया जा रहा था। उसके साथ धाधड़ा निवासी अनिल (26) पुत्र मानाराम भी बाइक पर सवार था। इसी दौरान सेना की जिप्सी ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद सेना के जवान दोनों घायलों को एपेक्स हॉस्पिटल, सूरतगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मदनलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिल का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर राजियासर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के चचेरे भाई कुलदीप की रिपोर्ट पर जिप्सी चालक के खिलाफ तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।
हादसे से मृतक के घर में शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

