बालोतरा, राजस्थान
जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में छपने वाली नकारात्मक खबरों, जर्जर भवनों की स्थिति और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री यादव ने पारदर्शी और समयबद्ध कार्य के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि आमजन को राहत देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
🟠 नकारात्मक समाचारों पर तत्काल रिपोर्ट अनिवार्य
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी नकारात्मक समाचार के प्रकाशित होते ही उसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट उसी दिन दोपहर 2 बजे तक भेजना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि अनावश्यक बयानबाजी से बचा जाए ताकि राज्य सरकार की छवि पर आंच न आए।
🟠 जर्जर भवनों पर त्वरित एक्शन
हालिया हादसों को गंभीरता से लेते हुए श्री यादव ने सभी गिरने योग्य भवनों को चिह्नित कर शुक्रवार तक ध्वस्त करने के निर्देश दिए। मरम्मत योग्य भवनों की स्थिति का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने और भवनविहीन विद्यालयों की सूची शीघ्र सौंपने के भी आदेश दिए गए। उन्होंने दोहराया कि “बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।”
🟠 जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति हो तेज
कलक्टर यादव ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले की स्थिति किसी भी सूरत में अंतिम 10 जिलों में नहीं होनी चाहिए। क्रियान्वयन प्रभावी हो और योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे।

उपस्थित अधिकारीगण
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. गुंजन सोनी, एसीईओ हीराराम कलबी, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता अमृत लाल देवपाल, जल विभाग अधीक्षण अभियंता छत्राराम, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

