मांगरोल (बारां)। रिपोर्ट – कुलदीप सिंह सोलंकी
नेपाल के पोखरा स्टेडियम में 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इंडो नेपाल यूथ इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2025 में भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय यूथ एजुकेशन फेडरेशन इंडिया के तत्वाधान में किया गया, जो नीति आयोग, भारत सरकार से सम्बद्ध है।
प्रतियोगिता में राजस्थान से कई युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें बारां जिले के मांगरोल क्षेत्र के नंदगांवड़ी गांव के करणादित्य सिंह, चूरू जिले के रतनगढ़ के लोकेश जोशी, नागौर के देवेंद्र कारवा, चूरू के सरदारशहर के रमेश और कमलेश, जयपुर के रोहित चौधरी व कपिश, भरतपुर के अश्विनी और झुंझुनूं के भविष्य शामिल रहे।

इन खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में नेपाल की टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से न केवल उनके परिवार और गांव में खुशी की लहर है, बल्कि पूरा राजस्थान और देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
भारतीय टीम के कोच आदेश कुमार और मनोज कुमार ने खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दिया, जिसके चलते टीम ने यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की।
यह उपलब्धि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और मेहनत का परिणाम है। इंडो नेपाल यूथ चैंपियनशिप में मिली यह जीत भारत के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ गई है।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

