स्थान: शाहाबाद, बारां रिपोर्टर: फ़िरोज़ ख़ान
शाहाबाद (बारां)। सहरिया जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और सशक्त बनाने के उद्देश्य से संकल्प सोसाइटी मामोनी द्वारा एसबीआई सिक्योरिटीज के सहयोग से रविवार को शाहाबाद ब्लॉक के शुभघरा गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 111 मरीजों का उपचार किया गया तथा सभी को ब्रांडेड निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
संकल्प सोसाइटी के चेयरमैन नंदकिशोर शर्मा और सचिव महेश बिंदल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य सुदूर इलाकों में रहने वाले सहरिया जनजाति समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सहरिया समुदाय के लोग आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण सामान्य स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में संकल्प सोसाइटी द्वारा लगाए जा रहे ये शिविर उनके लिए जीवन रक्षक साबित हो रहे हैं।
शिविर में डॉ. राहुल मेहता ने मरीजों का उपचार किया, जबकि स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश राठौर ने निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था संभाली। शिविर में चिकित्सा स्टाफ द्वारा मरीजों की बीपी, शुगर, वजन और सामान्य जांच की गई।
शिविर के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर भार्गव, रामनिवास सहरिया और कन्हैयालाल चंदेल ने मरीजों के पंजीकरण में सहयोग किया।
ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. आरिफ शेख ने बताया कि संकल्प सोसाइटी द्वारा सहरिया जनजाति समुदाय के लिए शुभघरा गांव से स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि शाहाबाद और किशनगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों में ऐसे 25 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिससे अब सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोग अपने ही गांव में गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल जनजातीय स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शिविर में आने वाले अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग (दाद-खुजली) एवं कमज़ोरी जैसी बीमारियों से पीड़ित थे। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार, समय पर दवा सेवन और नियमित जांच की सलाह दी।
ग्रामीणों ने संकल्प सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से अब उन्हें दूर अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय पर इलाज उपलब्ध हो पा रहा है।
संकल्प सोसाइटी की टीम ने शिविर के दौरान ग्रामीणों को बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों का समय पर पता लगाकर गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है। टीम ने ग्रामीणों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई।
संकल्प सोसाइटी की यह पहल सहरिया समुदाय के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

