पोकरण।
केलावा गांव में एक बैल की निर्मम हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तीव्र आक्रोश व्याप्त हो गया है। घटना के विरोध में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद व सर्व समाज के आह्वान पर सांकड़ा कस्बा पूर्णतः बंद रहा, जबकि राजमथाई गांव में भी बाजार बंद कर जनाक्रोश सभा का आयोजन किया गया।
सांकड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डेलासर मठ के महंत महादेव पुरी ने कहा कि हिंदू बहुल क्षेत्र में गौवंश की इस प्रकार हत्या अत्यंत चिंताजनक है और समाज इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। रावलपुरी महाराज ने गौमाता को सनातन संस्कृति का आधार बताते हुए गौवध को अस्वीकार्य करार दिया।
बजरंग दल के जिला संयोजक वीरम सिंह सनावड़ा ने इस घटना को सनातन धर्म पर सीधा आघात बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक शैतान सिंह ने आरोपियों के सामाजिक बहिष्कार की बात कही। वहीं प्रांत समरसता प्रमुख पवन वैष्णव ने कहा कि इस घटना ने समाज को एकजुट होने का संदेश दिया है और सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।
राजमथाई गांव में आयोजित जनाक्रोश सभा में पूर्व सरपंच मदन सिंह ने बताया कि 7 जनवरी की रात बैल को वाहन से घसीटकर मारने के बाद उसका मांस बेचा गया। उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पूर्व में दर्ज मामलों की गहन जांच तथा अवैध संपत्तियों को जब्त करने की मांग रखी।
सभा में उपस्थित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

