जैसलमेर : तनोट से जयपुर तक जा रही ओरण बचाओ पदयात्रा 7वें दिन दोपहर में चांधन कस्बे पहुंची,जहां समाजसेवी और प्रधान प्रतिनिधि लखसिंह चांधन के नेतृत्व में चांधन के सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने पदयात्रा का नगाड़ों और फूल मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर चांधन निवासियों ने पदयात्रा के प्रतिनिधियों सुमेर सिंह साँवता और भोपाल सिंह जालोडा को अपने कंधों पर उठा लिया।
इससे पूर्व मार्ग में गांव सांवला, भोजका, बम्बारा, सगरा भैरवा जावँध,जेठा निवासियों द्वारा विभिन्न जगहों पर टीम ओरण का स्वागत किया गया।
चांधन में इस पदयात्रा को आशीर्वाद देने डेलासर मठ के महंत महादेवपूरी भी उपस्थित रहें।
इस अवसर पर चांधन में गायों के लिए बोए गए सेवण घास के चारागाह का उद्घाटन इस पदयात्रा में शामिल पर्यावरण प्रेमियों द्वारा किया गया।
सुमेर सिंह सावंता ने कहा कि मार्ग में मिल रहा ये अपार जन समर्थन हमारे हौसलों को अधिक मजबूत कर रहा है,थकान मिटा रहा है और जैसलमेर के लिए संघर्ष करने हेतु प्रेरणा दे रहा है।
पंचायतीराज चुनाव में करेंगे तख्तापलट
चांधनवासियों ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि इस बार पंचायतीराज चुनाव में हमारा मुख्य मुद्दा ओरण-गोचर को राजस्व में दर्ज करने का है। अगर वर्तमान सरकार इसे राजस्व में दर्ज नहीं करती है तो पंचायतीराज में हम सरकार के खिलाफ वोट करके तख्तापलट करेंगे।
उनका कहना था कि जो ओरण,गोचर,खड़ीन, आगोर,नदी,नालों, देवल के संरक्षण की बात करेगा,उन्हें संरक्षित करेगा जनता के दिलों में वही राज करेगा। चांधन के निवासियों ने टीम ओरण को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जयपुर तक की इस यात्रा में जिस भी रूप में जब भी आवश्यकता पड़ी हम सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।

ओरण पदयात्रा को मिल रहा मुस्लिम समुदाय का सहयोग
ओरण गोचर के मुद्दे पर मुस्लिम समुदाय भी खुलकर टीम ओरण के समर्थन में आ गया है,मार्ग में आने वाली मुस्लिम समुदाय की ढाणियों और गांवों में टीम ओरण का स्वागत किया जा रहा है और साथ निभाने का वादा करते हुए गौमाता के संरक्षण हेतु नारे लगाए जा रहे हैं।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

