लोकेशन: जोधपुर, राजस्थान
संवाददाता: अभिषेक सैन
जोधपुर। राजस्थान के बीकानेर जिले के रंजीतपुरा गांव में 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की दर्दनाक घटना को लेकर सेन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस घटना के विरोध में समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोरतम सजा की मांग की।
21 फरवरी को लापता हुई थी छात्रा
सेन युवा संगठन के अध्यक्ष विष्णुदत्त गहलोत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 21 फरवरी को आठवीं कक्षा की छात्रा परीक्षा देने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद उसका शव रोही क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मिला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे समाज में भारी रोष व्याप्त है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
ज्ञापन में मांग की गई है कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए तथा उन्हें कठोर से कठोर दंड दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए विशेष निगरानी में मामले की जांच कराई जाए।
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व नौकरी देने की मांग
समाज की ओर से यह भी मांग रखी गई कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, डेयरी बूथ आवंटित किया जाए तथा मुख्यमंत्री सहायता कोष से पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि परिवार को संबल मिल सके।
कई सामाजिक संगठनों ने जताया समर्थन
इस दौरान मण्डलनाथ बालाजी धाम के सत्यनारायण जी, भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता संजय सेन, बजरंग दल से विक्रम परिहार, क्षोरकार संस्था से विनोद चौहान, मारु विकास सेवा संस्था से पर्वत सेन, समाजसेविका सुशीला मकवाना, पार्षद सुमन सेन, पार्षद धीरज चौहान, सरपंच मोहनलाल जी, कामधेनु सेना से राकेश सेन, समाजसेविका पवन मिश्रा, माली महासभा की जिला अध्यक्ष अनीता परिहार सहित अनेक समाजजन मौजूद रहे।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाज जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही भविष्य में अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा कर सकती है।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

