स्थान: शेरगढ़ (जोधपुर) रिपोर्टर: भीखा राम बोस
शेरगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत सोइन्तरा के राजस्व गांव अमरपुरा में पेयजल व्यवस्था की पोल गर्मी शुरू होने से पहले ही खुल गई है। पदमसिंह भोमयाजी मंदिर के पास बनी जीएलआर (ग्राउंड लेवल रिजर्वायर) कई वर्षों से बंद पड़ी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और पंचायत इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मंदिर क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि जीएलआर बनने के बावजूद उसमें पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
टैंकरों के भरोसे ग्रामीण
अमरपुरा में हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर टैंकर मंगवाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम पंचायत और जलदाय विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
गर्मी बढ़ने से संकट गहराने की आशंका
गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में पानी की जरूरत और बढ़ने वाली है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई जगह ट्यूबवेल खुदे होने के बावजूद वे भी बंद पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट और गहरा गया है।
समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जीएलआर चालू कर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

