शेरगढ़। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवराजगढ़ स्थित मेघवालों की ढाणी में खुदा हुआ ट्यूबवेल पिछले नौ महीनों से बंद पड़ा है, जिससे करीब 100 घरों में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को मजबूरी में निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
ग्रामीण श्रवण जोगल ने बताया कि माना राम मेघवाल की ढाणी क्षेत्र में न तो नहरी पानी पहुंच रहा है और न ही ट्यूबवेल से जल सप्लाई हो रही है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार एक पानी के टैंकर के लिए लगभग एक हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जिससे आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
बताया गया कि सुवालिया में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा गया था। साथ ही जलदाय विभाग के सहायक अभियंता के नाम भी ज्ञापन दिया गया, लेकिन ट्यूबवेल अब तक चालू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी स्पष्ट जवाब देने के बजाय केवल आश्वासन दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर ट्यूबवेल को ठीक कर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो उपखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी जलदाय विभाग की होगी।
ज्ञापन में श्रवण जोगल, मेगाराम, मलाराम, चंद्राराम व प्रकाश कंवराज सहित अन्य ग्रामीणों ने शीघ्र समाधान की मांग की है।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

